बोले— हाई स्पीड रेल, सेमीकंडक्टर और जलमार्ग से बदलेगी बिहार की तस्वीर
पटना।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए बजट 2026-27 को लेकर बिहार में उत्साह का माहौल है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इसे ‘विकसित भारत @2047’ का रोडमैप बताते हुए केंद्र सरकार की सराहना की है।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि यह बजट उस विजन को दर्शाता है, जिसमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की ठोस तैयारी नजर आती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2047 के भारत की कल्पना को जमीन पर उतारने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।
हाई स्पीड रेल और सेमीकंडक्टर से बदलेगा बिहार
सम्राट चौधरी ने कहा कि बजट में हाई स्पीड रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर की गई घोषणाएं देश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देंगी। इससे आवागमन आसान होगा और उद्योग तथा निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने सात नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर उद्योग पर सरकार के फोकस का स्वागत किया। सम्राट चौधरी ने कहा कि वाराणसी से सिलिगुड़ी तक जाने वाला हाई स्पीड कॉरिडोर बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। इससे राज्य को देश के बड़े आर्थिक केंद्रों से सीधा जोड़ा जा सकेगा।
जलमार्ग से खुलेगा व्यापार का नया रास्ता
उपमुख्यमंत्री ने जलमार्गों को आधुनिक बनाने की योजना की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इससे बिहार का व्यापार अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक सीधे पहुंच सकेगा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को नई मजबूती मिलेगी।
मत्स्य पालन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक फोकस
सम्राट चौधरी के मुताबिक बजट में मत्स्य पालन, सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर पर खास ध्यान दिया गया है। इससे रोजगार सृजन को गति मिलेगी और देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
डिस्ट्रिक्ट लेवल तक मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
उन्होंने कहा कि बजट में जिला स्तर तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आईसीयू सुविधाएं उपलब्ध कराने की सोच इस बजट को खास बनाती है। इससे ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों तक बेहतर इलाज संभव होगा।
दूरदर्शी और संतुलित बजट
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि 2047 के विकसित भारत की नींव इसी बजट में रखी गई है। उन्होंने इसे दूरदर्शी, संतुलित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बजट बताया।


