पश्चिम बंगाल के BSF कैंप में फायरिंग, सारण के हवलदार अजय कुमार सिंह की मौत

सारण/मालदा: पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित बीएसएफ कैंप में हुई गोलीबारी की घटना में बिहार के सारण जिले के मांझी निवासी बीएसएफ हवलदार अजय कुमार सिंह की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य जवान की भी जान चली गई, जबकि एक जवान घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद फायरिंग का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बीएसएफ के एक जवान शिवम कुमार मिश्रा कथित तौर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत मिली सजा से नाराज था। आरोप है कि उसने अपने सहकर्मी जवानों पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में हवलदार अजय कुमार सिंह समेत दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया।

सारण के मांझी के रहने वाले थे अजय कुमार सिंह

मृतक हवलदार अजय कुमार सिंह (51 वर्ष) सारण जिले के मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला के निवासी थे। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दूसरे भाई अभय सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में डीएसपी हैं, तीसरे भाई अमर सिंह मुजफ्फरपुर में कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सबसे छोटे भाई अमन सिंह भारतीय सेना में कर्नल हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अजय कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी और एक अविवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं। करीब 15 वर्ष पहले उनके पिता एवं भूतपूर्व सैनिक मदन सिंह का भी निधन हो गया था। अब अजय कुमार सिंह की मौत से परिवार पर एक और बड़ा दुख आ पड़ा है।

गांव में शोक, जांच में जुटी BSF

घटना की पुष्टि मृतक के चाचा एवं अधिवक्ता उदय प्रताप सिंह तथा शिक्षक पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने की है। घटना के बाद पूरे मांझी क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, बीएसएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    शिवनारायणपुर थाना के नए भवन निर्माण का भूमि पूजन संपन्न, आधुनिक पुलिस व्यवस्था को मिलेगा नया आधार

    Share Add as a preferred…

    पटना हिंसा मामले में माले विधायक संदीप सौरभ और AISA नेता धनंजय गिरफ्तार, अब तक 60 आरोपी गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…