
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्दौरी गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सगे भाइयों ने ही अपने छोटे भाई के साथ मिलकर बेरहमी से मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बीती रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान जितेंद्र कुमार शाह के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित जितेंद्र कुमार शाह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ घर में रहते हैं। उनका आरोप है कि उनके दोनों बड़े भाई सुनील शाह और रंजीत शाह ने अपनी मां के साथ मिलकर पैतृक संपत्ति को बेच दिया है। हालांकि जिन लोगों को जमीन बेची गई है, उन्होंने न तो अब तक जमीन की रजिस्ट्री कराई है और न ही पूरी राशि का भुगतान किया है। इसी कारण जमीन खरीदने वाले लोग आए दिन जितेंद्र को धमकाते रहते हैं।
जितेंद्र ने बताया कि उनके घर से निकलने वाले पानी का बहाव बड़े भाई के घर की ओर होने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। इसी मुद्दे पर बीती रात मामूली कहासुनी हुई थी, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था। लेकिन आरोप है कि बाद में दोनों बड़े भाइयों ने अपने कुछ साथियों को बुलाया और देर रात करीब तीन बजे जबरन घर में घुसकर हमला कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि इस हमले में करीब नौ लोग शामिल थे। मारपीट के दौरान एक आरोपी भाई ने उनके मुंह में पिस्टल डालकर जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसे से बेरहमी से पिटाई की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह पीड़ित की जान बच सकी।
परिजनों की मदद से घायल जितेंद्र कुमार शाह को तत्काल मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
इस मामले को लेकर जितेंद्र कुमार शाह ने सुल्तानगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – जितेंद्र कुमार शाह, घायल
पीड़ित ने बताया कि उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया गया और यदि समय पर लोग नहीं आते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


