पटना। राजधानी पटना में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला राजाबाजार इलाके के समनपुरा का है, जहां एक दारोगा की बेटी के साथ छेड़खानी, बदसलूकी और धमकी का आरोप लगा है। पीड़िता एक निजी बैंक में कार्यरत है और अपने परिवार के साथ समनपुरा में रहती है। उसने इस संबंध में शास्त्रीनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है।
पीड़िता के अनुसार, इलाके के दो युवक कई दिनों से उसका पीछा कर रहे थे और अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। जब भी वह बैंक या किसी अन्य काम से बाहर निकलती, आरोपी रास्ते में छेड़खानी और डराने-धमकाने की कोशिश करते थे। कई बार विरोध के बावजूद उनकी हरकतें बंद नहीं हुईं।
विरोध करने पर भाई से मारपीट
गुरुवार को जब पीड़िता ने खुलकर विरोध किया तो आरोपित युवकों ने उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों और पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपियों ने उसके भाई से हाथापाई की और उसे तथा उसकी मां को घर से उठा लेने और इलाके से भगा देने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि इसके बावजूद मौके पर मौजूद पुलिस ने आरोपियों को डिटेन नहीं किया और वे वहां से फरार हो गए।
पिता एसआई, फिर भी मिली धमकी
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता भागलपुर में पदस्थापित एक एसआई हैं। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने खुलेआम धमकी दी। घटना के बाद से परिवार दहशत में है।
महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के दिनों में पटना में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले एक युवती को एकतरफा प्यार के मामले में सरेआम जलाए जाने की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था।
पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।


