गया। बिहार के गया जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सत्ताधारी दल के नेता का परिवार भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा नेता उपेंद्र पासवान के पुत्र की हत्या के बाद अब अपराधी पीड़ित परिवार को केस वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर सरेआम हथियार लहराते अपराधियों का वीडियो वायरल होने से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
केस नहीं उठाया तो पूरे परिवार को मारने की धमकी
कुछ दिन पहले भाजपा नेता उपेंद्र पासवान के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस हत्याकांड में शामिल अपराधी अब खुलेआम धमका रहे हैं। परिवार को साफ शब्दों में कहा गया है कि अगर केस वापस नहीं लिया गया, तो अन्य परिजनों की भी हत्या कर दी जाएगी।
वायरल वीडियो से दहशत, अपराधी बेखौफ
सुशासन के दावों के बीच अपराधियों की बेखौफी का एक और उदाहरण सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अपराधी हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में कानून का कोई डर दिखाई नहीं देता। एक तरफ भाजपा नेता के घर मातम पसरा है, वहीं दूसरी ओर इस वीडियो ने लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ा दिए हैं।
पुलिस का दावा: एक आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए गया सिटी एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
हथियार लहराने वाले व्यक्ति की पहचान कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि—
- पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा दी जा रही है
- धमकी देने वाले अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है
- सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी


