बांका: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को बांका में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने “वोट चोरी” की और अब बिहार में भी वैसी ही कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी का आरोप— “हरियाणा में 29 लाख फर्जी वोटर”
राहुल गांधी ने जनसभा में कहा:
- “हरियाणा में दो करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 29 लाख फर्जी मतदाता हैं। ब्राजील की एक महिला का नाम कई बूथों में वोटर सूची में था। हमने इसके सबूत दिए हैं।”
- “मोदी और अमित शाह ने हरियाणा का चुनाव चुरा लिया, और चुनाव आयोग आंखें बंद कर बैठा रहा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने दिल्ली में वोट डालने के बाद बिहार में भी वोट डाला, और यही पैटर्न मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में भी देखने को मिला।
राहुल ने कहा कि बिहार की जनता “चुनाव चोरी” नहीं होने देगी।
“BJP समाज में नफरत फैलाती है”— राहुल गांधी
राहुल गांधी ने भाजपा पर उद्योगपतियों के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा:
- “वे अदाणी-अंबानी के लिए वोट चोरी करते हैं।”
- “अमित शाह कहते हैं कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए जमीन नहीं है, लेकिन अदानी के लिए जमीन दे दी जाती है।”
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने बिहार की कई उद्योग इकाइयाँ बंद होने दीं ताकि कॉरपोरेट घरानों को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बिहार में उद्योग और फूड प्रोसेसिंग यूनिट के विकास को प्राथमिकता देगी।
डेटा और सोशल मीडिया पर भी साधा निशाना
PM मोदी के “सस्ता डेटा—रील बनाओ और कमाओ” वाले बयान पर राहुल गांधी ने कटाक्ष किया:
- “सस्ता डेटा जनता के लिए नहीं, बल्कि कुछ कॉरपोरेट कंपनियों के लिए फायदेमंद है।”
- “रील, इंस्टाग्राम और फेसबुक 21वीं सदी का नया नशा हैं… ताकि युवा असली मुद्दों पर सवाल न पूछें।
नालंदा यूनिवर्सिटी को विश्व स्तर देने का वादा
राहुल गांधी ने कहा कि यदि केंद्र में INDIA गठबंधन की सरकार बनती है, तो नालंदा को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा:
- “भाजपा नफरत फैलाती है, लेकिन हम ‘नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोलेंगे।”


