भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नवादा लोकसभा क्षेत्र की कई महत्त्वपूर्ण रेल मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा

भाजपा नेता एवं नवादा से सांसद विवेक ठाकुर ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नवादा लोकसभा क्षेत्र में रेल संपर्कता को मजबूत करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने से जुड़े कई महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। सांसद ने कहा कि नवादा क्षेत्र लगातार विकास की तरफ बढ़ रहा है, ऐसे में रेल सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है।

नवादा-बरबीघा-पटना रूट पर नई ट्रेन की मांग

सांसद ने सबसे पहले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नवादा-बरबीघा-पटना रेलखंड पर एक नई ट्रेन की स्वीकृति का आग्रह किया। साथ ही मौजूदा नवादा-पटना फास्ट मेमो ट्रेन में अतिरिक्त पांच डब्बे जोड़ने की भी मांग की, जिससे दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिल सके।

तिलैया जंक्शन के पास पीट लाइन निर्माण की जरूरत पर जोर

उन्होंने कहा कि तिलैया जंक्शन के पास पीट लाइन का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। यह न केवल ट्रेनों के सुचारु परिचालन के लिए जरूरी है, बल्कि भविष्य में ट्रैफिक लोड बढ़ने पर भी उपयोगी साबित होगा। इसी क्रम में उन्होंने राजगीर-पटना फास्ट मेमो ट्रेन को तिलैया जंक्शन तक विस्तार देने का अनुरोध किया। साथ ही बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस को तिलैया-नवादा-वारिसलीगंज-शेखपुरा होते हुए किऊल जंक्शन तक बढ़ाने की मांग भी की।

कुसुंभा बिहार हॉल्ट और अन्य स्टेशनों पर सुविधाओं की मांग

सांसद ने कुसुंभा बिहार हॉल्ट पर नवादा-पटना फास्ट मेमो ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इसके अलावा शेखपुरा के कुसुंभा बेलदरिया क्षेत्र में एलसी-13 गुमटी से लेकर एलटी-35/27 तक रेल लाइन के किनारे जन सुविधा हेतु सड़क निर्माण की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी।

नारदीगंज प्रखंड के नंदपुर (चमरुआ) गांव के पास नए रेलवे हॉल्ट का प्रस्ताव

विवेक ठाकुर ने ग्रामीण क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के विस्तार को आवश्यक बताते हुए नारदीगंज प्रखंड के ग्राम नंदपुर (चमरुआ) के समीप रेलवे हॉल्ट निर्माण का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

ओड़ो जगदीशपुर स्टेशन पर ठहराव और आरओबी निर्माण की मांग

सांसद ने ओड़ो जगदीशपुर स्टेशन पर दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग दोहराई। साथ ही स्टेशन के निकट बस्ती बिगहा–सैदपुर मुख्य सड़क पर मौजूद अंडरपास की जगह लाइट आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) बनाने का प्रस्ताव रखा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके।

पुराना नवादा रेलवे स्टेशन परिसर के उपयोग का सुझाव

नवादा शहर में मौजूद पुराने रेलवे स्टेशन के खाली पड़े परिसर के बेहतर उपयोग की बात भी सांसद ने उठाई। उन्होंने सुझाव दिया कि यहां अतिथिशाला, कैंटीन, जलपान गृह, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाओं का विकास किया जा सकता है, जिससे नगरवासियों को लाभ होगा।

दो नई रेल लाइनों के निर्माण का प्रस्ताव फिर से रखा

सांसद ने अपने पूर्व अनुरोधों की याद दिलाते हुए दो नई रेल लाइनों के निर्माण की आवश्यकता भी दोहराई।

  • पहली रेल लाइन: नवादा – रोह – कौआकोल – सिकंदरा होते हुए मल्लेपुर (जमुई) तक
  • दूसरी रेल लाइन: नवादा – ककोलत जलप्रपात – गोविंदपुर – सतगावां होते हुए गिरिडीह तक

उन्होंने कहा कि इन दोनों रेल परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

अंत में सांसद का बयान

सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि इन सभी प्रस्तावों का प्रभाव नवादा जिले के विकास पर व्यापक रूप से पड़ेगा। हर गांव और हर क्षेत्र तक रेल सुविधाओं का विस्तार कर लोगों की जनसुविधा में निरंतर सुधार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।

  • Related Posts

    नवगछिया में पुलिस का ‘एक्शन’: कुख्यात भूसखारी को खदेड़कर दबोचा; कमर में लोडेड कट्टा और 15 गोलियां लेकर घूम रहा था, बड़ी वारदात की थी तैयारी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पप्पू यादव जेल गए: 31 साल पुराने केस में स्ट्रेचर पर कोर्ट पहुंचे सांसद; हाथ में ड्रिप, इजलास में ही किए साइन, अब सोमवार को होगी सुनवाई

    Share Add as a preferred…

    Continue reading