भागलपुर में बर्ड फ्लू का खतरा, H5N1 वेरिएंट की पुष्टि के बाद 3000 मुर्गियों की मौत, बरारी क्षेत्र रेड जोन घोषित

बिहार के भागलपुर जिले से चिंताजनक खबर सामने आई है। बरारी स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट पालन केंद्र में पिछले 15 दिनों से लगातार हो रही मुर्गियों की रहस्यमयी मौतों के पीछे अब बर्ड फ्लू का खतरनाक H5N1 वेरिएंट जिम्मेदार पाया गया है। भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (NIHSAD) की रिपोर्ट में इसकी आधिकारिक पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार अब तक करीब 3000 मुर्गियों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को रेड जोन घोषित कर सख्त एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शुरुआत में मुर्गियों के सैंपल पटना और कोलकाता की लैब में जांच के लिए भेजे गए थे, लेकिन वहां रिपोर्ट स्पष्ट नहीं हो सकी। इसके बाद विशेष टीम ने सैंपल भोपाल भेजा, जहां से रविवार को आई रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया।

कुक्कुट केंद्र के सहायक निदेशक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि SOP के तहत सरकारी पोल्ट्री फार्म को ‘एपिक सेंटर’ मानते हुए एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी निजी और सरकारी पोल्ट्री फार्म बंद कराए जाएंगे। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए संक्रमित मुर्गियों को मारकर सुरक्षित तरीके से दफनाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि कुक्कुट केंद्र के आसपास पेड़ों पर बैठने वाले जंगली पक्षियों की बीट से यह संक्रमण फैल सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बर्ड फ्लू में तेज बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी, आंखों का लाल होना और मांसपेशियों में तेज दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संक्रमित क्षेत्रों में जाने से बचें और मृत पक्षियों के संपर्क में न आएं।

डॉ. अंजली ने बताया कि बाजार में बिकने वाले चिकन और अंडों की बिक्री पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, बशर्ते उन्हें अच्छी तरह पकाकर खाया जाए। विशेषज्ञों के अनुसार H5N1 वायरस 70 डिग्री सेल्सियस पर नष्ट हो जाता है, जबकि चिकन सामान्यतः 100 डिग्री सेल्सियस पर पकाया जाता है। फिलहाल प्रभावित एपिक सेंटर और उसके आसपास के इलाकों में प्रशासन की विशेष निगरानी जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    शादी के महज एक महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

    Share Add as a preferred…