
बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से हत्या कर सनसनी फैला दी। घटना पतोर थाना क्षेत्र के चंदन पट्टी गांव की है, जहां बाइक शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत युवक की चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान फैज अहमद के रूप में हुई
मृतक की पहचान दरभंगा बाजार निवासी फैज अहमद के रूप में हुई है। वह चंदन पट्टी स्थित एक बाइक शोरूम में मैनेजर के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जुम्मा की नमाज अदा करने के बाद वह वापस शोरूम पहुंचा था।
नमाज से लौटते ही हुआ हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शोरूम लौटने के कुछ ही देर बाद अज्ञात अपराधियों ने फैज अहमद पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू और वाहन के शॉकर जैसे हथियारों से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इलाके में फैली दहशत
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हत्या की खबर मिलने के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां फैज अहमद खून से लथपथ पड़ा मिला।
एक स्थानीय युवक ने बताया कि वे सभी साथ में नमाज पढ़कर लौटे थे और कुछ देर बाद हत्या की सूचना मिली। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
FSL टीम जुटा रही सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
दरभंगा के प्रभारी एसएसपी अशोक कुमार ने बताया कि युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
हत्या से उठे कानून-व्यवस्था पर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।


