पटना: नए साल के मौके पर रेलवे बिहार को बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। राज्य को चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिलने जा रही हैं, जिनमें से दो ट्रेनों का परिचालन उत्तर बिहार से किया जाएगा। इन ट्रेनों को सूरत, अमृतसर, मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने की योजना है। इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंत तक चारों ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
रेलवे की योजना के मुताबिक मुजफ्फरपुर से सूरत, समस्तीपुर से अमृतसर, पटना से मुंबई और दिल्ली के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो गईं, तो मार्च तक इन ट्रेनों का परिचालन संभव है।
टाइम टेबल को लेकर मंथन शुरू
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूमरे के पांचों रेल मंडलों में प्रस्तावित ट्रेनों के टाइम टेबल को लेकर मंथन शुरू हो गया है। तय समय-सारणी के साथ जल्द ही रेलवे बोर्ड को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मुजफ्फरपुर जंक्शन से सूरत, दिल्ली और पंजाब के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से स्लीपर और जनरल श्रेणी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल मुजफ्फरपुर और पाटलिपुत्र होकर दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद सीटों के लिए भारी मारामारी रहती है, खासकर त्योहारों के मौसम में।
वर्तमान में मुजफ्फरपुर–चर्लपल्ली (हैदराबाद) और सहरसा–लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक रूप से चलाई जा रही हैं। नई ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
रैक निर्माण में तेजी
रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि पूमरे सहित अन्य जोन से भी नई ट्रेनों के संचालन के प्रस्ताव मिले हैं। यात्रियों की जरूरत को देखते हुए अमृत भारत ट्रेनों के करीब 100 रैक का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
इसके साथ ही लगभग 200 वंदे भारत और 50 नमो भारत ट्रेनों के रैक भी तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारी के अनुसार बिहार के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से अमृत भारत, नमो भारत और वंदे भारत ट्रेनों के संचालन के प्रस्ताव आए हैं, जिनके आधार पर सर्वे के बाद नई ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।


