
खगड़िया, बिहार: जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए। इस दौरान मोरकाही थानाध्यक्ष अंतिमा कुमारी का लोगों के सामने पिस्टल तानने का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है।
गिरफ्तारी के दौरान नदी में कूदने से युवक की मौत
मामला सबलपुर गांव का है। पुलिस एक आपराधिक मामले में नामजद आरोपी 26 वर्षीय सौरभ कुमार को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान सौरभ भागने लगा और खुद को बचाने के लिए पास की मालती नदी में कूद गया। नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद शव को नदी से बाहर निकाला और फिर पुलिस कार्रवाई के विरोध में शव लेकर मोरकाही थाना पहुंच गए।
थाने में हंगामा, पिस्टल तानने का वीडियो वायरल
थाने में भारी भीड़ और विरोध प्रदर्शन के बीच थानाध्यक्ष अंतिमा कुमारी ने कथित तौर पर लोगों की ओर पिस्टल तान दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि महिलाएं और पुरुष पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सौरभ को एक विवादित मामले में गलत तरीके से फंसाया गया था और उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं थे।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां माधुरी देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का नाम जानबूझकर मामले में जोड़ा गया था। उनका कहना है कि घटना के समय सौरभ गांव में मौजूद नहीं था और वह अपने ननिहाल गया हुआ था। उन्होंने पुलिस पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि मामले से नाम हटाने के लिए उनसे पैसे की मांग की गई थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान सौरभ पुलिस टीम से छूटकर भागा और नदी में कूद गया। अंधेरा होने के कारण तत्काल उसे नहीं खोजा जा सका। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसका शव बरामद किया गया।
जांच के आदेश
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएसपी मुकुल कुमार रंजन ने कहा कि परिजनों द्वारा पुलिस की लापरवाही और गलत कार्रवाई की शिकायत दी गई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


