
पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाते हुए राज्य के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) अनुपम ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कहा है कि अब केवल विशेष परिस्थितियों में ही किसी पुलिसकर्मी के अवकाश आवेदन पर विचार किया जाएगा।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया फैसला
आदेश के अनुसार, राज्य में हाल के दिनों में छात्र आंदोलन और उससे उत्पन्न विधि-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि अगली सूचना तक सभी प्रकार की छुट्टियां निरस्त रहेंगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रहे।
विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगा अवकाश
एडीजी (विधि-व्यवस्था) ने निर्देश दिया है कि केवल अत्यंत विशेष और अपरिहार्य परिस्थितियों में ही किसी पुलिसकर्मी का अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। सभी इकाइयों को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी पुलिस इकाइयों को जारी किया गया आदेश
यह आदेश बी-सैप, प्रशिक्षण शाखा, विशेष शाखा, अभियान, पुलिस मुख्यालय, रेलवे पुलिस, सीआईडी, आर्थिक अपराध इकाई (EOU), एसटीएफ तथा अन्य सभी पुलिस इकाइयों को भेजा गया है। साथ ही सभी क्षेत्रीय आईजी, डीआईजी और जिला पुलिस अधीक्षकों को भी आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना में बढ़ाई गई सुरक्षा
सूत्रों के अनुसार, राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। पुलिस मुख्यालय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे।


