
पटना, 23 जुलाई: बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 24 जुलाई को नियुक्ति पत्र, खेल छात्रवृत्ति चयन पत्र और खेल सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी शामिल रहेंगी।
19 खिलाड़ियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस वर्ष 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) तथा एथलीट पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के अन्य खिलाड़ियों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार 180 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दे चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को मिलेगा सम्मान
समारोह में खेल सम्मान योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
- सेतु मिश्रा को एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करने पर 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
- विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
- महरयम फातिमा को कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
637 खिलाड़ियों को मिलेंगे छात्रवृत्ति चयन पत्र
बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत इस वर्ष 637 खिलाड़ियों को चयन पत्र दिए जाएंगे। इनमें उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 और प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें से प्रेरणा योजना के 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ के माध्यम से हुआ है।
इन योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और खेल विज्ञान संबंधी सहायता के लिए प्रतिवर्ष 3 लाख रुपये, 5 लाख रुपये और 20 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार, राज्य सरकार की यह पहल खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
(यह समाचार बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)


