
पटना, 22 जुलाई: बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 161 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति दी गई है। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मानजनक रोजगार, आर्थिक सुरक्षा और खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करना है।
आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी
योजना के तहत भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को उनके खेल प्रदर्शन के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है।
इसके अलावा खिलाड़ियों को दरोगा, पंचायती राज पदाधिकारी और अन्य उपयुक्त सरकारी पदों पर भी नियुक्तियां दी गई हैं।
खिलाड़ियों को मिलेगा सुरक्षित भविष्य
सरकार के अनुसार, ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करना है। इससे खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा के साथ सामाजिक सम्मान भी मिल रहा है।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
राज्य सरकार का कहना है कि खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल अवसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, खेल छात्रावास, उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल उपकरण तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं।
सरकार का मानना है कि सरकारी नौकरी मिलने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और राज्य के युवाओं में खेल को करियर के रूप में अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
खेल मंत्री ने क्या कहा
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों या भविष्य की चिंता के कारण पीछे न रह जाए। उनके अनुसार, ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना खिलाड़ियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है तथा सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है।
(यह समाचार बिहार सरकार द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)


