बिहार के डिप्टी CM को साइबर ठग की धमकी! OTP नहीं देने पर दी गालियां, पार्सल बुकिंग के नाम पर आया कॉल

पटना: बिहार में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्री तक को निशाना बनाने की कोशिश की है। पार्सल बुकिंग के नाम पर आए एक फोन कॉल में अज्ञात साइबर अपराधी ने न सिर्फ OTP मांगने की कोशिश की, बल्कि OTP नहीं मिलने पर उपमुख्यमंत्री के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 5 जून की बताई जा रही है। एक अज्ञात व्यक्ति ने पार्सल बुकिंग के बहाने उपमुख्यमंत्री से संपर्क किया और OTP साझा करने के लिए कहा। जब उसे OTP नहीं मिला तो उसने फोन पर लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए परेशान करने का प्रयास किया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव वीरेंद्र कुमार ने पटना स्थित साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी के एंगल से जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला साइबर ठगी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह किसी संगठित साइबर गिरोह की करतूत हो सकती है, जो पार्सल डिलीवरी, कुरियर सेवा या अन्य बहानों से लोगों को फोन कर OTP हासिल करने की कोशिश करता है।

साइबर थाना पुलिस आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल कहां से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी बड़े साइबर गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो उससे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

लोगों के लिए भी चेतावनी

इस घटना के बाद साइबर पुलिस ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि पार्सल बुकिंग, कुरियर डिलीवरी, बैंकिंग सेवा, KYC अपडेट या अन्य किसी बहाने से आने वाले संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें।

साइबर अपराध का शिकार होने या किसी संदिग्ध कॉल की जानकारी मिलने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

सवालों के घेरे में साइबर सुरक्षा

उपमुख्यमंत्री को धमकी भरा कॉल आने की घटना ने एक बार फिर राज्य में साइबर अपराधियों की बढ़ती सक्रियता और साइबर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर आरोपी तक कब पहुंचा जाता है और इस पूरे नेटवर्क का खुलासा कब होता है।

  • ये भी पढ़े..

    वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़! फायरिंग में महिला को लगी गोली, तीन लोग घायल

    Share Add as a preferred…

    JDU की सबसे बड़ी बैठक 21 जून को: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे नीतीश, क्या निशांत कुमार को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

    Share Add as a preferred…