
पटना: बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। नीतीश कुमार के बेटे और जेडीयू नेता निशांत कुमार को लेकर बिहार कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है।
बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि अब बीजेपी निशांत कुमार को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की साजिश रच रही है।
“नीतीश के बाद अब निशांत को टारगेट किया जा रहा” – राठौड़
राजेश राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि हाल ही में मीडिया में छपी खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा:
“निशांत कुमार अपने पिता से मिले, इसमें क्या बड़ी बात है? यह पूरी तरह बीजेपी की साजिश लगती है। पहले नीतीश कुमार को निपटाया गया, अब उनके बेटे को निशाना बनाया जा रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि निजी मुलाकात को मुद्दा बनाना राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है।
बेरोजगारी और विकास पर भी साधा निशाना
राठौड़ ने निशांत कुमार को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से दूर रहे हैं। साथ ही उन्होंने नीतीश सरकार पर भी सवाल उठाए:
“2005 के बाद बिहार में बेरोजगारी बढ़ी है। उद्योग-धंधे नहीं लगे, चीनी मिलें बंद हो गईं। सरकार दलालों और माफियाओं के प्रभाव में चल रही है।”
26 मार्च को हुई थी मुलाकात
गौरतलब है कि 26 मार्च को निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार से बंद कमरे में मुलाकात की थी। इससे पहले वे जेडीयू के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मिल चुके हैं।
जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता बढ़ी है और वे पार्टी संगठन के विभिन्न स्तरों पर नेताओं से संपर्क कर रहे हैं।


