बिहार में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शुरू, बेगूसराय में बनेगा दिनकर विश्वविद्यालय; सिमरिया-भागलपुर मरीन ड्राइव की घोषणा

बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बेगूसराय स्थित आईओसीएल स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, आधारभूत संरचना और पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के नाम पर बेगूसराय में विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जबकि सिमरिया से भागलपुर तक गंगा किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा।

551 मॉडल स्कूलों में पढ़ेंगे 4 लाख विद्यार्थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही दिन में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शुरू होना बिहार के शिक्षा इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण है। इन विद्यालयों में करीब 4 लाख विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि ये विद्यालय केवल स्कूल नहीं, बल्कि विकसित बिहार और नई शिक्षा नीति की मजबूत नींव हैं।

15 अगस्त से FILO App पर लाइव क्लास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों में आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से FILO App के माध्यम से विद्यार्थियों को लाइव और इंटरैक्टिव कक्षाओं की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बिहार स्कूल लाइव क्लासेज, स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो और आधुनिक प्रयोगशालाओं को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चयनित विद्यालयों में NEET, JEE सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की विशेष व्यवस्था भी विकसित की जा रही है, ताकि बिहार के विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़े।

शिक्षकों का स्थानांतरण 29 जुलाई से

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 29 जुलाई से स्थानांतरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू हुई है और विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए भी जमीन उपलब्ध करा दी गई है।

बेगूसराय में बनेगा दिनकर विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जन्मभूमि बेगूसराय में उनके नाम पर एक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा, शोध, साहित्य और भारतीय चिंतन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

सिमरिया में बनेगा तिरुपति मंदिर, भागलपुर तक बनेगी मरीन ड्राइव

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमरिया में 10 एकड़ भूमि पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर की स्थापना की जाएगी। साथ ही सिमरिया से भागलपुर तक गंगा नदी के किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे से 5 घंटे में कोलकाता

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे बनने के बाद बेगूसराय, मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों से कोलकाता की दूरी लगभग पांच घंटे में पूरी की जा सकेगी। इससे उद्योग, व्यापार, कृषि, परिवहन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 1 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है, जबकि शेष पात्र महिलाओं के खातों में 25 जुलाई को राशि भेजी जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक 6 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.60 लाख आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।

कई योजनाओं के लाभुकों को मिले स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सतत जीविकोपार्जन योजना, जीविका स्वयं सहायता समूह, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, अभियान बसेरा और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

  • ये भी पढ़े..

    मानसून सत्र से पहले मंगल पांडेय की विपक्ष से अपील, बोले- सदन में निभाएं रचनात्मक भूमिका

    Share Add as a preferred…

    सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस की सख्ती बढ़ी, 6 महीने में 1,320 आपत्तिजनक पोस्ट हटाए; 475 FIR दर्ज

    Share Add as a preferred…