समस्तीपुर, 09 अगस्त 2025।समस्तीपुर में हुए चर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट कांड में पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी। दो लाख के ईनामी और अंतर्राज्यीय कुख्यात अपराधी कर्मवीर उर्फ धर्मवीर उर्फ देशमुख के घर से 264.770 ग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसे उसने जमीन में गाड़कर छिपा रखा था। यह वही सोना है, जो 16 मई 2025 को बैंक लूट के दौरान चोरी किया गया था।
कैसे हुई गिरफ्तारी
16 मई 2025 को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और समस्तीपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर नगर थाना क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट कांड के मास्टरमाइंड कर्मवीर को दबोचा था।
अपराधी का असली नाम कर्मवीर कुमार है, जो बीरबहादुर सिंह का पुत्र और खिलवत, बिदुपुर (वैशाली) का निवासी है। उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह बिहार सहित कई राज्यों में लूट, डकैती और हथियारबंदी के मामलों में वांछित था।
ज़मीन के नीचे छुपा रखा था सोना
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कर्मवीर ने चौंकाने वाला खुलासा किया—उसने लूटे गए सोने का हिस्सा अपने घर के अंदर जमीन में गाड़कर छुपा रखा था। पुलिस ने आज मौके पर खुदाई कर बरामदगी की।
बरामद आभूषणों की सूची
बरामद सोने का वजन 264.770 ग्राम है, जिसमें शामिल हैं—
- सोना का कंगन — 04 पीस
- सोना की चूड़ी — 06 पीस
- सोना की अंगूठी — 08 पीस
- सोना का मांगटिका — 03 पीस
- सोना का हार — 01 पीस
- सोना की चेन — 03 पीस
- सोना के कान के झुमके — 08 पीस
- सोना की बाली — 04 पीस (02 छोटा, 02 बड़ा)
- सोना का नथ लड़ी मुक्त — 02 पीस
- सोना का काला-पीला मोती वाला मंगलसूत्र — 01 पीस
- सोना की चेन लगा मंगलसूत्र — 01 पीस
- सोना की चेन लड़ी — 01 पीस
- सोना के कान के टॉप — 06 पीस
- मोबाइल — 01 पीस
अब तक कुल बरामदगी
बैंक लूट के दौरान अपराधियों ने कुल 8 किलो सोना उड़ाया था। अब तक पुलिस 3 किलो से अधिक सोना बरामद कर चुकी है। बाकी की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का बयान
जिला पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि बाकी सोना भी अपराधियों के कब्जे से जल्द बाहर आ सकता है। पुलिस का कहना है कि “हम अपराधियों की पूरी नेटवर्क चेन तोड़ने की दिशा में काम कर रहे हैं। बाकी बचे सोने की खोज के लिए विशेष टीम गठित की गई है।”


