भोजपुर (बिहार)। जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के केशवपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां प्रेमी जोड़े ने कथित रूप से गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान विकास कुमार (31) और सरिता कुमारी (31) के रूप में की गई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण घटना की वजह रहस्य बनी हुई है।
अंतिम पूजा, फिर गंगा में छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे विकास और सरिता बखोरापुर स्थित मंदिर पहुंचे। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद, दोनों कुछ देर परिसर में बैठे। इसके बाद वे बुलेट बाइक पर सवार होकर केशवपुर गंगा घाट पहुंचे। वहां पहुंचकर विकास ने अपना पर्स और हेलमेट, जबकि सरिता ने स्लीपर किनारे रख दिए। फिर एक-दूसरे का हाथ थामे, दोनों ने गंगा में छलांग लगा दी।
शव कमर तक पानी में मिले
स्थानीय लोगों को जब दोनों देर तक नदी से बाहर नहीं निकलते देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव गंगा से बरामद किए गए, जो कमर तक पानी में तैर रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कौन थे विकास और सरिता?
- विकास कुमार, भोजपुर के बसौरी गांव (सिकरहट्टा थाना क्षेत्र) का निवासी था और दिल्ली की एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था।
- सरिता कुमारी, ओडिशा के गंजम जिले की रहने वाली थीं और बेंगलुरु के एक स्कूल में शिक्षिका थीं।
विकास की मां पुष्पलता देवी ने बताया कि दोनों की मुलाकात सिलीगुड़ी में हुई थी और तभी से उनके बीच प्रेम संबंध थे। शुक्रवार सुबह विकास ने अपनी मां को बताया था कि वह ट्रेनिंग के लिए जा रहा है, और साढ़े ग्यारह बजे फोन पर नाश्ते के बारे में भी पूछा था।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कोई संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनकी जांच जारी है।
सरिता के पिता, जो ओडिशा पुलिस में दरोगा हैं, को सूचना दे दी गई है और वे शनिवार को भोजपुर पहुंच रहे हैं।
इलाके में फैली सनसनी
इस घटना ने स्थानीय लोगों को सदमे में डाल दिया है। प्रेमी जोड़े की मौत के पीछे के कारणों को जानने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है और परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।


