
आरा/भोजपुर: भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार की राजनीति लगातार गरमाई हुई है। 24 जून को भोजपुर के बिलौटी गांव में आयोजित सवर्ण महापंचायत के बाद अब 5 जुलाई को भोजपुर के जगदीशपुर में बहुजन महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
सवर्ण महापंचायत के बाद अब बहुजन महापंचायत
24 जून को बिलौटी गांव में आयोजित सवर्ण महापंचायत में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच और कथित दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठी थी। इस कार्यक्रम में बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
अब इसके जवाब में 5 जुलाई को जगदीशपुर में बहुजन महापंचायत आयोजित होने जा रही है।
कहां होगी महापंचायत, कौन कर रहा आयोजन?
यह महापंचायत भोजपुर जिले के जगदीशपुर स्थित लाल बिहारी सिंह टोला हाई स्कूल मैदान में आयोजित होगी।
कार्यक्रम का आयोजन बहुजन आर्मी द्वारा किया जा रहा है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोल्डन दास का दावा है कि इसमें दलित, आदिवासी, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
जीतन राम मांझी का समर्थन, उपेंद्र कुशवाहा ने बनाई दूरी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस महापंचायत का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि “देश की जनता करे पुकार, बहुजन समाज अबकी बार।” उन्होंने 5 जुलाई को आरा पहुंचने की भी जानकारी दी।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने इस आयोजन से दूरी बनाते हुए कहा कि सरकार ने मामले की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित कर दिया है, इसलिए सभी को आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।
पोस्टरों की भी हो रही चर्चा
महापंचायत से पहले भोजपुर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पोस्टर लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी ये पोस्टर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इन पोस्टरों में भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक और डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ-साथ लालू प्रसाद यादव, कर्पूरी ठाकुर, नीतीश कुमार, रामविलास पासवान, मायावती और मुलायम सिंह यादव सहित कई प्रमुख नेताओं की तस्वीरें शामिल की गई हैं।
राजनीतिक नजरें 5 जुलाई पर
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर को लेकर पहले से ही विपक्ष और एनडीए के कुछ सहयोगी दल सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। ऐसे में 5 जुलाई को होने वाली बहुजन महापंचायत को बिहार की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। इस आयोजन के जरिए बहुजन समाज की राजनीतिक ताकत और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समर्थन का संदेश देने की तैयारी की जा रही है।


