भागलपुर : मिठाई दुकानदार के छोटे बेटे ने लगाई फांसी, दो सुसाइड नोट बरामद

भागलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के चुनिहारी टोला में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब 40 वर्षीय राजेश शर्मा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राजेश, शहर के प्रसिद्ध शिवशक्ति मिठाई दुकान के मालिक निर्मल शर्मा के छोटे बेटे थे।

दोपहर में घटना की जानकारी परिजनों को हुई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे से दो सुसाइड नोट बरामद किया है। उसमें राजेश ने लिखा है— “मैं अपने जीवन में कुछ नहीं कर पा रहा हूं। परेशान हो गया हूं। अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा हूं।”

पिता ने दर्ज कराया यूडी केस

मृतक के पिता निर्मल शर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह राजेश ने चाय नहीं पी। घर के नौकर से पूछने पर पता चला कि वह अभी तक जगा ही नहीं है। कॉल करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला। जब वे कमरे में झांके तो देखा कि राजेश पंखे से लटक रहा है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पिता के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया।

तलाक और भाई की मौत से था तनावग्रस्त

परिजनों के मुताबिक, राजेश का पांच साल पहले पत्नी से आपसी विवाद के कारण तलाक हो गया था। वहीं, इसी साल जुलाई माह के पहले सप्ताह में बड़े भाई श्यामसुंदर की बीमारी से मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद से राजेश गहरे अवसाद में था।

दिन में बच्चों संग खेला, रात में किया आत्मघाती कदम

परिवारवालों ने बताया कि राजेश अपने दिवंगत बड़े भाई और मंझले भाई के बच्चों से बेहद लगाव रखता था। शनिवार दिनभर वह बच्चों के साथ खेलता रहा और रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला। परिजनों का कहना है कि राजेश अक्सर अपनी परेशानियों के बारे में बातें करता था, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि वह आत्महत्या कर लेगा।

नेताओं और समाज के लोगों ने जताया शोक

घटना की सूचना पर भाजपा नेत्री प्रीति शेखर और वार्ड पार्षद मॉन्टी जोशी मौके पर पहुंचे। साथ ही बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोग शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।


 

  • Related Posts

    पीरपैंती में सेवा की सरिता! स्वर्गीय अनुराधा खेतान की याद में दिव्यांगों और गरीबों को मिला संबल; सिलाई मशीन और व्हीलचेयर का वितरण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    सबौर में क्रिकेट का रोमांच! शाहनवाज हुसैन ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; बोले- “नशे से दूर रहें युवा, खेल से संवरेगा भविष्य”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading