भागलपुर को मिला आईटी विकास का बड़ा तोहफा.. लोकसभा में सांसद के सवाल पर केंद्र सरकार ने दी टेक्नोलॉजी पार्क की जानकारी

आईटीआई परिसर में बना सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, 94 युवाओं को मिलेगा स्टार्टअप प्लेटफॉर्म

पटना। भागलपुर के युवाओं के लिए तकनीकी क्षेत्र में रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर खुलने वाले हैं। लोकसभा में भागलपुर टेक्नोलॉजी पार्क से जुड़े प्रश्न पर केंद्र सरकार ने बड़ा खुलासा किया है।

लोकसभा में पूछे गए प्रश्न संख्या 869 के लिखित उत्तर में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि भारत सरकार छोटे शहरों और कस्बों में आईटी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसी नीति के तहत बिहार के भागलपुर में सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क की स्थापना की गई है।

मंत्री ने बताया कि यह एसटीपी केंद्र स्थानीय युवाओं और स्टार्टअप को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए तैयार किया गया है। यहां इनक्यूबेशन सेवाएं, हाई-स्पीड डेटा कम्युनिकेशन, क्लाउड सेवाएं और विभिन्न वैधानिक सहायता सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस टेक्नोलॉजी पार्क में 94 प्लग-एंड-प्ले इनक्यूबेशन सीटें हैं, जहां नवाचार करने वाले युवा अपने स्टार्टअप को बिना किसी बड़ी पूंजी के शुरू कर सकेंगे। यहां आईटी स्टार्टअप्स को पूरी तकनीकी सहायता और व्यावसायिक मार्गदर्शन मिलेगा।

यह केंद्र युवाओं को निवेशकों, मेंटर्स और आईटी प्रोफेशनल्स से जोड़ने का भी कार्य करेगा। इससे भागलपुर और आसपास के जिलों के छात्र अपने तकनीकी आइडिया को व्यवसाय में बदल सकेंगे।

लोकसभा में प्रश्न पूछने वाले माननीय सांसद ने कहा कि इस सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क की स्थापना से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में तकनीकी माहौल बनेगा। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र का आर्थिक व डिजिटल विकास तेज होगा।

भागलपुर अब केवल शिक्षा और कृषि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आईटी और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाएगा। यह टेक्नोलॉजी पार्क आने वाले वर्षों में भागलपुर को डिजिटल हब बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।

  • Related Posts