बिहार बजट पर जन सुराज का बड़ा हमला.. 12 मिनट का भाषण बिहार के भविष्य का अपमान: सौरभ कुमार

शिक्षा-स्वास्थ्य में कटौती, योजनाओं पर बेतहाशा खर्च: जन सुराज

8 फरवरी से प्रशांत किशोर करेंगे बिहार भ्रमण

पटना। बिहार सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर जन सुराज ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ कुमार और मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान ने कहा कि यह बजट बिहार की असल जरूरतों से भटका हुआ है और सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह जनता से दूर हैं।

सौरभ कुमार ने कहा कि बिहार जैसे बड़े और समस्याग्रस्त राज्य के बजट पर विधानसभा में सिर्फ 11 मिनट 43 सेकंड का भाषण देना सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यह बिहार के भविष्य का अपमान है। इतने कम समय में न तो बेरोजगारी, न शिक्षा, न स्वास्थ्य और न ही पलायन जैसे मुद्दों पर कोई ठोस दिशा दिखाई गई।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में बिहार की प्रति व्यक्ति आय 68,624 रुपये थी, जो 2026 में महज 20 रुपये बढ़ी है। यह आंकड़ा बताता है कि राज्य की आर्थिक स्थिति जमी हुई है और आम आदमी की जिंदगी में कोई बदलाव नहीं आ रहा।

जन सुराज ने आरोप लगाया कि सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत क्षेत्रों में बजट घटाया है, जबकि कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च बढ़ाकर 38 हजार करोड़ रुपये से 58,909 करोड़ रुपये कर दिया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि योजनाओं का बेतहाशा विस्तार बिना आय के स्रोत बढ़ाए राज्य को कर्ज के जाल में धकेल रहा है।

जन सुराज का दावा है कि बिहार का फिस्कल डेफिसिट देश में सबसे कम है, इसके बावजूद राज्य पर पहले से 50 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है। सौरभ कुमार ने सवाल उठाया कि जब सरकार की आमदनी सीमित है, तो डेढ़ करोड़ महिलाओं को आर्थिक सहायता देने जैसी बड़ी घोषणाएं कैसे पूरी होंगी।

उन्होंने सरकार से पूछा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार में रोजगार और नौकरियां किस सेक्टर में सृजित होंगी। बजट में कहीं यह स्पष्ट नहीं किया गया कि किस उद्योग, किस क्षेत्र और किस नीति के तहत युवाओं को रोजगार मिलेगा।

प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि सरकार जनता से कट चुकी है और हकीकत से दूर फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी से प्रशांत किशोर बिहार भ्रमण पर निकलेंगे। वे अलग-अलग जिलों में जाकर जनता से संवाद करेंगे और बजट, बेरोजगारी, पलायन और महंगाई जैसे मुद्दों पर लोगों की राय जानेंगे।

जन सुराज ने कहा कि यह बजट आंकड़ों का खेल है, लेकिन जमीन पर बदलाव का कोई रोडमैप नहीं दिखता। पार्टी ने साफ किया कि वह आने वाले दिनों में राज्यभर में इस बजट के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी और जनता की आवाज को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर केस: जांच आयोग के सामने फूट पड़ा मां का दर्द, STF को देखकर बोलीं- “मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी हो”

    Share Add as a preferred…

    बिहार में AI क्रांति की तैयारी! गूगल, माइक्रोसॉफ्ट समेत 4 बड़ी कंपनियों के साथ होगा समझौता, कैबिनेट से मिली मंजूरी

    Share Add as a preferred…