
भागलपुर।महापर्व छठ पूजा की तैयारी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बनना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में अंग सेवा समिति की आमसभा बुधवार को बूढ़ानाथ स्थित शीला भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अभय घोष सोनू ने की, जबकि संचालन महामंत्री ने किया।
बैठक में पिछले वर्ष के आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश किया गया और आगामी छठ पर्व के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के पूर्व कोषाध्यक्ष की स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए मनोज कुमार गुप्ता को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस वर्ष समिति अपनी स्थापना की 40वीं वर्षगांठ मनाने जा रही है, जिसे पूरी तरह छठ व्रतियों को समर्पित किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
सभा में तय हुआ कि भगवान भास्कर की भव्य प्रतिमा और विशाल पंडाल का निर्माण किया जाएगा। घाट परिसर में खिचड़ी महाभोग, नींबू शरबत, खीर का भोग और पूजन सामग्री व्रतियों के बीच वितरित की जाएगी। साथ ही बूढ़ानाथ चौक से गंगा तट तक पूरे मार्ग को लाइटिंग और रंगोली से सजाया जाएगा।
छठ आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विभिन्न उप समितियां गठित की गई हैं, जिनमें घाट प्रबंधन, पंडाल व्यवस्था, महा आरती, खिचड़ी महाभोग, पूजन और मंच संचालन की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
सभा में समिति के संरक्षक सहित कई वरिष्ठ सदस्य और समाजसेवी भी मौजूद रहे।


