
भागलपुर: भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार दोपहर एक 24 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, क्योंकि युवक की शादी 24 जुलाई को होने वाली थी।
विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक
पुलिस के अनुसार, नाथनगर रेलवे स्टेशन और पश्चिमी केबिन के बीच रेलवे ट्रैक पर दोपहर करीब 12 बजे युवक चलती विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी कमर के पास का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे पुलिस की मदद से उसे तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
खगड़िया का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान इंदु कुमार (24) के रूप में हुई है। वह खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के नया गांव का निवासी था। पेशे से हलवाई इंदु कुमार नाथनगर में किराये के मकान में रहकर काम करता था।
छह दिन बाद होनी थी शादी
परिजनों ने बताया कि इंदु कुमार की शादी 24 जुलाई को खगड़िया जिले के खरीक प्रखंड क्षेत्र में तय थी। परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में जुटे थे। शुक्रवार रात ही परिजन शादी का निमंत्रण देकर लौटे थे। ऐसे में इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक प्लेटफॉर्म के पास कान में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर बात करते हुए घूम रहा था। इसी दौरान वह अचानक ट्रैक की ओर बढ़ गया और सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी कर रही जांच
जीआरपी थाना प्रभारी नसीम अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का कहना है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


