
भागलपुर:भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व सांसद के तीन पुत्रों समेत पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए गए दो लाइसेंसी हथियारों के साथ खेत की जुताई में लगे ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के अनुसार मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक गांव का है, जहां एक ही जमीन पर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे थे। विवादित भूमि पर जुताई के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद फायरिंग होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पूर्व सांसद के तीन पुत्र भी आरोपियों में शामिल
पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजे गए आरोपियों में पूर्व सांसद के तीन पुत्र अजय यादव, अभय यादव और संजय यादव शामिल हैं। इनके अलावा दूसरे पक्ष के शशि यादव और संजय यादव को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लाइसेंसी हथियारों और ट्रैक्टर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

