भागलपुर: सड़क हादसे में मासूम की मौत, कई घायल; अलग-अलग घटनाओं में बढ़ी दुर्घटनाएं

सुल्तानगंज। श्रावणी मेला क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय अमर कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मसदी पार्किंग शौचालय के समीप हुआ, जब एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने पथ किनारे भोजन कर रहे परिवार को कुचल दिया

घायलों में गौतम मलिक, उनकी मां आशा देवी, पत्नी रीता देवी और अमर शामिल थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल अमर और आशा देवी को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मासूम अमर की मौत हो गई।

परिवार के मुखिया गौतम मलिक ने बताया कि वे मूल रूप से चांदपुर, रसलपुर, भागलपुर के रहने वाले हैं और श्रावणी मेले में मसदी बगीचा पार्किंग शौचालय की सफाई के लिए आए थे। हादसे के समय वे परिवार सहित भोजन कर रहे थे, तभी बिना लाइट और हॉर्न वाला उजले रंग का वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गया। घटना के बाद मृतक की मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच यातायात थाना भागलपुर को सौंप दी गई है। मसदी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।


चानन पुल के पास ट्रक-ट्रैक्टर में टक्कर, बाइक सवार घायल

अकबरनगर। बुधवार शाम चानन पुल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। एक बाइक सवार युवक इस हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया

अकबरनगर थानाध्यक्ष रोहीत रीतेश ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है


नंदलालपुर में हाईवा की टक्कर से बाइक चालक घायल

कहलगांव। नंदलालपुर के समीप फोरलेन पर एक अनियंत्रित हाईवा वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें बाइक चालक बुरी तरह घायल हो गया।


रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय महिला गिरी, घायल

कहलगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के क्रम में एक महिला फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिर गई और घायल हो गई। उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है


टेंपो और बाइक में टक्कर, दो लोग घायल

सुल्तानगंज। तारापुर मुख्य सड़क मार्ग स्थित शिवम पेट्रोल पंप के पास टेंपो और बाइक की टक्कर में बाइक चालक हरिलाल यादव (65) और टेंपो सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है


नोट: भागलपुर जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने प्रशासन की सड़कों पर यातायात व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने वाहनों की जांच, स्पीड कंट्रोल और रात्रि में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *