महिला और मासूम बेटी को बंधक बनाकर दिनदहाड़े छह लाख की लूट, विरोध करने पर हथियार से किया हमला

भागलपुर: भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर पंचायत स्थित गणेशीबाग राजपूत टोला में बुधवार सुबह दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी को बंधक बना लिया। विरोध करने पर महिला के सिर पर हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश घर में करीब 20 मिनट तक बेखौफ लूटपाट करते रहे और लगभग छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात, 60 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस, एफएसएल की टीम और वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल महिला को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

बेटी को भी नहीं बख्शा, जान से मारने की दी धमकी

पीड़िता नीतू देवी ने बताया कि सुबह वह अपनी पांच वर्षीय बेटी को स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान तीन से चार हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। अपराधियों ने सबसे पहले उनके सिर पर हथियार तान दिया और विरोध करने पर सिर पर वार कर दिया। इसके बाद गमछे से उनके हाथ-मुंह बांध दिए। बदमाशों ने मासूम बच्ची को भी अलग कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी।

करीब 20 मिनट तक घर में मचाया तांडव

महिला के अनुसार बदमाश बेहद संगठित तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली, अलमारी और बक्सों के ताले तोड़े तथा सोने-चांदी के जेवरात, 60 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन समेट लिए। लगभग 20 मिनट तक लूटपाट करने के बाद सभी आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए।

पति सेना में तैनात, घर में महिला थी अकेली

जानकारी के अनुसार पीड़िता का पति भारतीय सेना में कार्यरत है और ड्यूटी पर बाहर तैनात है। घटना के समय घर में महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी ही मौजूद थीं। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गणेशीबाग और आसपास के इलाकों में लंबे समय से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की शिकायतें भी लगातार मिलती रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन गतिविधियों पर सख्ती की जाती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

सिटी एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि लूटकांड में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    आज का राशिफल और पंचांग: 10 जुलाई 2026 का दिन किन राशियों के लिए रहेगा शुभ, जानें सभी 12 राशियों का विस्तृत भविष्यफल

    Share Add as a preferred…

    सीमाओं को अभेद्य बनाने की दिशा में बड़ा रोडमैप, अमित शाह बोले- स्मार्ट बॉर्डर और मजबूत सुरक्षा ग्रिड से होगी घुसपैठ पर रोक

    Share Add as a preferred…