भागलपुर : जेल में बंद गरीब कैदियों को मिलेगी वित्तीय सहायता, 9 मामलों की हुई समीक्षा

भागलपुर: आर्थिक अभाव के कारण जुर्माना नहीं भर पाने या जमानत की शर्तें पूरी नहीं कर पाने वाले गरीब कैदियों को राहत देने के उद्देश्य से गठित जिलास्तरीय सशक्त समिति की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जेलों में बंद गरीब कैदियों के मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र बंदियों को शीघ्र वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

9 मामलों की समीक्षा, 4 बंदी सहायता के पात्र

बैठक में कुल 9 मामलों पर विचार किया गया। इनमें 4 मामलों में बंदियों को सरकारी योजना के तहत वित्तीय सहायता देने के लिए पात्र पाया गया। वहीं 1 मामला निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरने के कारण अपात्र घोषित किया गया। शेष 4 मामलों में प्रोबेशन पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण अंतिम निर्णय लंबित रखा गया और संबंधित अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

आर्थिक अभाव के कारण जेल में नहीं रहेगा कोई पात्र बंदी

जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक तंगी के कारण किसी भी गरीब बंदी को अनावश्यक रूप से जेल में निरुद्ध रहने से बचाना है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और पात्र बंदियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

रिहाई के बाद नशामुक्ति केंद्र भेजे जाएंगे कुछ बंदी

बैठक में निर्णय लिया गया कि मद्यपान निषेध एवं उत्पाद अधिनियम से जुड़े छोटे मामलों में आर्थिक सहायता प्राप्त कर रिहा होने वाले बंदियों को रिहाई के बाद एक माह तक प्रोबेशन पदाधिकारी की निगरानी में नशामुक्ति केंद्र में रखा जाएगा। इसका उद्देश्य उनका सामाजिक पुनर्वास करना और उन्हें दोबारा नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना है।

समयबद्ध जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों में आवश्यक जांच प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को बिना किसी विलंब के योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश संजय प्रिय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजीता, पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) अजय कुमार झा, विशेष केंद्रीय कारा के अधीक्षक राजीव झा, शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा के अधीक्षक अंकित कुमार, महिला मंडल कारा की अधीक्षक शालिनी, उपकारा नवगछिया के अधीक्षक निखिल स्वराज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

  • ये भी पढ़े..