भागलपुर, 25 अगस्त 2025। भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों और चल रहे राजस्व महा अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश
बैठक में डीएम ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 अगस्त तक सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधा (AMF) उपलब्ध करा दी जाए। इसमें रैंप, बिजली, पेयजल, महिला-पुरुष शौचालय एवं पुलिस शौचालय जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी।
- डीपीओ आईसीडीएस को आंगनबाड़ी केंद्रों में बनाए गए सभी मतदान केंद्रों पर AMF सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
- जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय स्थित मतदान केंद्रों में शौचालय की मरम्मत व सफाई कराने तथा मतदान केंद्र का नाम, संख्या और मतदाताओं की संख्या पेंटिंग के रूप में अंकित कराने को कहा गया।
- पीएचइडी विभाग को प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश मिला।
- जिन मतदान केंद्रों तक पहुँच मार्ग नहीं है या खराब है, उसे संबंधित एजेंसी से दुरुस्त कराने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।
सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएँ
डीएम ने सीएपीएफ के अवसान स्थल को दुरुस्त कराने, सेक्टर पदाधिकारियों की टैगिंग एवं उनके जिले में पदस्थापित होने का सत्यापन करने का निर्देश दिया।
SIR और राजस्व महा अभियान
डीएम ने कहा कि SIR प्रविष्टि का कार्य अब बहुत कम शेष है, इसे जल्द पूर्ण कर लिया जाए।
राजस्व महा अभियान के तहत राजस्व कर्मचारियों को पंजी संधारित करने और नजरी नक्शा तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसमें वार्ड सदस्य, आशा एवं जीविका दीदियों की मदद से सत्यापन कराने को कहा गया, ताकि कार्य में पारदर्शिता और सटीकता बनी रहे। बैठक में बताया गया कि जिले में 1576 मौजा हैं।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी समेत सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ता और कई प्रखंड विकास पदाधिकारियों से बारी-बारी से फीडबैक भी लिया।


