
भागलपुर, 5 मई 2025 — जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत चल रहे विकास शिविरों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह अभियान 14 अप्रैल 2025 से महादलित टोलों में संचालित किया जा रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रखंडवार विकास शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। इन शिविरों में राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, किसानों का पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं समेत कुल 22 सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए थे।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहलगांव, शाहकुंड, बिहपुर और सबौर प्रखंडों के कृषि पदाधिकारियों की कार्य में उदासीनता पर नाराजगी जताई और उनके वेतन पर रोक लगाने तथा विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं गोपालपुर, पीरपैंती, इस्माइलपुर एवं कहलगांव के अंचलाधिकारियों पर भी किसानों के पंजीकरण में सहयोग नहीं करने के आरोप में वेतन बंद करने के निर्देश जारी किए गए।
7 मई तक सभी आवेदनों का निष्पादन अनिवार्य
डॉ. चौधरी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को निर्देशित किया कि वे 7 मई 2025 तक सभी 22 सेवाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बैठक में डीडीसी श्री प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


