भागलपुर। बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सह छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भागलपुर भाजपा में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता इंदु भूषण झा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इस नियुक्ति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
जिला प्रवक्ता इंदु भूषण झा ने कहा कि नितिन नवीन का राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शी सोच, युवाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, ऊर्जावान एवं कर्मठ व्यक्तित्व के कारण पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सेवा और जनसेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
इंदु भूषण झा ने कहा कि नितिन नवीन ने बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के माध्यम से कई जनोपयोगी योजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा है। साथ ही संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पूर्णतः योग्य बनाता है।
इस अवसर पर जिला प्रवक्ता इंदु भूषण झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह निर्णय पार्टी को संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा देशभर में जनकल्याण के अपने संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।


