
भागलपुर, 07 जुलाई 2025: सुलतानगंज प्रखंड के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या–132 की सेविका श्रीमती रेणु कुमारी को विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत सौंपे गए कार्यों में लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त कर दिया गया है।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सुलतानगंज द्वारा पत्रांक 204 दिनांक 05.07.2025 के माध्यम से सूचित किया गया कि श्रीमती रेणु कुमारी, जो मतदान केन्द्र संख्या 40 पर मतदान केन्द्र पदाधिकारी के रूप में नामित थीं, ने अब तक न तो गणना प्रपत्र का उठाव किया है, न ही किसी मतदाता से कोई प्रपत्र प्राप्त किया है और न ही पोर्टल पर कोई अपलोडिंग की है।
बार-बार निर्देश देने के बावजूद कार्य में सुधार नहीं होने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही तथा वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने के कारण उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।
उक्त अनुशंसा के आलोक में, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा उन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे अति महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त कर दिया गया है।


