भागलपुर, 20 सितम्बर 2025: लाजपत पार्क मैदान में आज आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भागलपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अर्जित शाश्वत चौबे ने अपनी पूरी ताकत और संगठनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
सम्मेलन से पहले डॉ. चौबे ने आदमपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना की और चंद्रशेखर आजाद चौक पर महान क्रांतिकारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने भागलपुर विधानसभा के सभी 51 वार्डों से एकत्रित हजारों कार्यकर्ताओं के साथ ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच लाजपत पार्क पहुंचकर सभा को संबोधित किया।
डॉ. चौबे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने 20 वर्षों के शासनकाल में राज्य को विकास की राह पर अग्रसर किया। आज बिहार के सभी वर्ग जनहितकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।”
भागलपुर विधानसभा में आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया—
“इस बार किसी भी परिस्थिति में भागलपुर विधानसभा में कमल खिलेगा। हम सभी कार्यकर्ता मिलकर भाजपा को विजयी बनाएंगे।”
कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा विशाल जनसैलाब यह दर्शाता है कि भागलपुर की जनता आगामी चुनाव में सुशासन और विकास के पक्ष में अपना समर्थन देगी।


