
सुल्तानगंज (भागलपुर): नगर परिषद सुल्तानगंज के बाईपास रोड स्थित स्टार एजुकेशन बेस इंग्लिश क्लासेस में इंटर स्तरीय “तेजस महासंग्राम टेस्ट प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भागलपुर, मुंगेर और बांका जिले के लगभग 350 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त 10 छात्र-छात्राओं को कोचिंग संस्थान के संस्थापक सोनू निगम सर, शिक्षक अभिनव कुमार एवं आशीष कुमार द्वारा शील्ड और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत छात्र-छात्राओं में ज्योति कुमारी, शैलेन्द्र कुमार, कृष्णा कुमार, जया भारती, सत्यम कुमार, आनंद कुमार, मो. अरवाज, शिवम कुमार और आयुष कुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर कोचिंग संस्थान के संस्थापक सोनू सर ने कहा कि उनके संस्थान के छात्र-छात्राएं हर वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अकबरनगर की रहने वाली साक्षी कुमारी ने इंटर परीक्षा में 96 अंक प्राप्त कर भागलपुर जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं कई अन्य विद्यार्थियों ने 90 से अधिक अंक प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली।


