पटना। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मंगलवार को लोजपा (रामविलास) की प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड अध्यक्ष हुलास पांडेय ने की। बैठक में राज्य की महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों और संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सत्यानंद शर्मा, डॉ. शाहनवाज अहमद कैफी, युवा राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार पासवान, प्रदेश प्रधान महासचिव संजय पासवान सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
हुलास पांडेय ने बताया कि बैठक में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और पिछले चुनावों में प्रदर्शन के आधार पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया। इसके बाद उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा।
पैनल पर अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की अध्यक्षता में गठित केंद्रीय संसदीय बोर्ड ही लेगा। इससे पहले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही एनडीए में सीट बंटवारे और उम्मीदवारों का फाइनल ऐलान होगा।


