बांकीपुर उपचुनाव: नीतीश कुमार की डिजिटल एंट्री, BJP प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए मांगा वोट

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार अब अपने चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं के रोड शो के बाद अब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने भी भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के समर्थन में जनता से मतदान की अपील की है।

सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो संदेश

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा,

“बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं, आप सभी को मेरा प्रणाम। आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है और 30 जुलाई को मतदान होना है।”

“विकास की गति बनाए रखने के लिए हर वोट जरूरी”

अपने संदेश में नीतीश कुमार ने कहा कि जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से पिछले दो दशकों में सुशासन और न्याय के साथ विकास के कार्यों को ईमानदारी से धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने और विकास की गति बनाए रखने के लिए हर वोट महत्वपूर्ण है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा,

“आप सभी मतदाताओं से आग्रह है कि एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और कमल चुनाव चिन्ह के सामने बटन दबाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।”

डिजिटल प्रचार से चुनावी अभियान को मिली नई धार

इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने पटना में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया था। अब नीतीश कुमार के वीडियो संदेश के साथ भाजपा ने डिजिटल प्रचार को भी पूरी ताकत से मैदान में उतार दिया है।

30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले बांकीपुर में सभी प्रमुख दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। ऐसे में अंतिम दौर का चुनाव प्रचार अब और अधिक रोचक और मुकाबले वाला होता नजर आ रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    बांकीपुर में BJP का दमखम: नितिन नवीन बोले- ‘मेरे घर को भेदना इतना आसान नहीं’

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर में BJP का शक्ति प्रदर्शन: सम्राट चौधरी-नितिन नवीन का मेगा रोड शो, नीरज सिन्हा के लिए मांगा वोट

    Share Add as a preferred…