बांका: जमीन विवाद में छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या, दीपावली मनाने गांव आया था शख्स

बांका: जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दर्दनाक घटना सामने आई। बड़े भाई और भतीजे ने मिलकर छोटे भाई की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हादसे से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

सड़क किनारे जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक मणिलाल सिंह (60) और उनके बड़े भाई भरत भूषण सिंह के बीच सड़क किनारे लगभग दो कट्ठा जमीन का विवाद लंबे समय से चल रहा था। पैतृक संपत्ति का बंटवारा पहले ही हो चुका था और दोनों अलग-अलग रहते थे, लेकिन जमीन को लेकर तनाव लगातार बना हुआ था।

सड़क सफाई के दौरान शुरू हुआ झगड़ा

बुधवार सुबह मणिलाल सड़क की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भतीजे संतोष कुमार को वहां कचरा न फेंकने की हिदायत दी। बात इतनी बढ़ गई कि संतोष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनते ही बड़ा भाई भरत भूषण, उसकी पत्नी अर्चना देवी और बेटी रानी कुमारी मौके पर पहुंच गए। चारों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे मणिलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

तीन गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई जारी

सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमर विश्वास और थानाध्यक्ष बबलू कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा और त्वरित कार्रवाई करते हुए भरत भूषण, अर्चना देवी और रानी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। भतीजे संतोष कुमार की तलाश जारी है।

त्योहारी खुशियां मातम में बदलीं

मृतक मणिलाल सिंह दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करते थे। दीपावली मनाने परिवार के साथ गांव आए थे और छठ पूजा के बाद 11 नवंबर को वापस लौटने वाले थे। उनके परिवार में दो बेटे — अगम और निगम — और दो बेटियां — श्वेता तथा सिद्धि हैं। चारों ही अभी अविवाहित हैं। अचानक हुई इस घटना से घर में कोहराम मच गया है, गांव में मातम पसरा है।

दीपावली और छठ जैसे त्यौहार के बीच हुई इस हत्या ने पूरे गांव को दहला दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading