बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बांका पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मिली है। विन अड्डा गेमिंग ऐप के माध्यम से ठगी करने वाले सात साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
साइबर डीएसपी अनूपेश नारायण ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव-2025 को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
“फरार अभियुक्त बैद्यनाथ यादव संगठित ठगी चला रहा था” – डीएसपी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटोरिया थाना कांड संख्या 230/23 का फरार अभियुक्त बैद्यनाथ यादव बांका टाउन थाना क्षेत्र में संगठित तरीके से साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही साइबर थाना बांका की टीम ने एक विशेष दल बनाकर जगतपुर इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर छत से कूद गया, लेकिन तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह और उसके छह साथी उसी मकान में विन अड्डा गेमिंग ऐप का उपयोग कर साइबर अपराध कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से
- 1 लैपटॉप
- 15 मोबाइल फोन
- 13 एटीएम कार्ड
- 27 सिम कार्ड
- कई आधार कार्ड
- 2 मोटरसाइकिल
बरामद किए।
मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट हैक कर ठगी करते थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आम लोगों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों को हैक कर ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए ठगी करते थे और पैसे अपने खातों में ट्रांसफर कर देते थे।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
बांका पुलिस की यह कार्रवाई चुनाव के दौरान बढ़ते साइबर अपराध पर कड़ी लगाम मानी जा रही है।


