
ढाका, 21 जुलाई 2025 — बांग्लादेश वायु सेना का एक FT-7BGI फाइटर जेट सोमवार दोपहर को राजधानी ढाका के उत्तरा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दियाबारी इलाके में स्थित माइलस्टोन कॉलेज के उत्तरा कैंपस के पास एक इमारत से टकरा गया। इस हादसे में पायलट की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई छात्रों के हताहत होने की आशंका है।
हादसे की पुष्टि, कारणों पर अब तक सस्पेंस
हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है, हालांकि दुर्घटना के कारणों या अन्य हताहतों की आधिकारिक संख्या के बारे में अभी तक कोई विवरण नहीं दिया गया है। विमान क्रैश का समय स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार 1:00 बजे) बताया जा रहा है।
चीनी निर्मित था यह ट्रेनर विमान
FT-7BGI एक चीनी मूल का सुपरसोनिक ट्रेनर विमान है, जिसे बांग्लादेश वायु सेना प्रशिक्षण और सीमित लड़ाकू क्षमताओं के लिए उपयोग करती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विमान ट्रेनिंग मिशन पर था जब यह दुर्घटना का शिकार हुआ।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंच गई। कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है। कुछ छात्रों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
दुर्घटना से मचा अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान गिरते समय जोरदार विस्फोट की आवाज सुनाई दी और कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ तस्वीरों और वीडियो में इमारत से धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है।


