बकरीद मे मुजफ्फरपुर के बकरा बाजार में रौनक, ‘सलमान खान’ और ‘शाहरुख खान’ बने आकर्षण का केंद्र

Muzaffarpur में बकरीद को लेकर बकरा बाजार पूरी तरह सज चुका है। कंपनीबाग और पक्की सराय चौक पर लगने वाले बाजारों में देर रात तक खरीदारों और विक्रेताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस बार खास नस्ल के बकरे और उनके अनोखे नाम लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।

‘सलमान खान’ और ‘शाहरुख खान’ की सबसे ज्यादा चर्चा

बाजार में अजमेरी, बरबरी, तोतापरी और ब्लैक बंगाल नस्ल के बकरों की जबरदस्त मांग देखी जा रही है। खास बात यह है कि कई बकरों को फिल्मी सितारों और दमदार नामों से पुकारा जा रहा है। ‘सलमान खान’, ‘शाहरुख खान’, ‘सुल्तान’ और ‘शेरू’ नाम के बकरे लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं।

एक व्यापारी मोहम्मद आफिद ने बताया कि उनका अजमेरी नस्ल का बकरा ‘सलमान खान’ करीब 85 किलो का है और उसकी कीमत 1.65 लाख रुपये रखी गई है। वहीं मोहम्मद फिरोज का तोतापरी नस्ल का ‘शाहरुख खान’ भी बाजार में चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिसकी कीमत 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।

डेढ़ लाख तक पहुंची कीमत

बाजार में इस बार बकरों की कीमत पिछले साल की तुलना में 20 से 25 फीसदी ज्यादा बताई जा रही है। कई बड़े और खास नस्ल के बकरे एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक में बिक रहे हैं। उत्तर प्रदेश से आए बकरों की मांग भी काफी अधिक है।

भावनात्मक जुड़ाव भी खास

कई पशुपालकों का अपने बकरों से भावनात्मक रिश्ता भी देखने को मिल रहा है। कर्बला मोहल्ले के मोहम्मद वसीम अपने बरबरी नस्ल के बकरे ‘शेरू’ को बेटे की तरह पालने की बात कहते हैं। उनका कहना है कि कुर्बानी के समय परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं रहेगा, क्योंकि बकरे से लगाव काफी बढ़ चुका है।

देर रात तक सज रहा बाजार

भीषण गर्मी और उमस के कारण पक्की सराय चौक पर बाजार शाम से लेकर रात 12 बजे तक सज रहा है। खरीदार फिलहाल बाजार घूमकर कीमतों का अंदाजा लगा रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि बकरीद से पहले दामों में कुछ नरमी आ सकती है।

कुर्बानी का संदेश

ईद-उल-अजहा यानी बकरीद को इस्लाम में त्याग, समर्पण और इंसानियत का प्रतीक माना जाता है। कुर्बानी का उद्देश्य केवल जानवर की बलि देना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद और इंसानियत का संदेश देना भी माना जाता है।

  • ये भी पढ़े..

    NIFT प्रवेश परीक्षा में भागलपुर के गौरव कुमार सिंह का शानदार प्रदर्शन, हासिल की ऑल इंडिया 577वीं रैंक

    Share Add as a preferred…

    “राबड़ी आवास पर घमासान: ‘हर हाल में बंगला खाली होगा’, सम्राट के ऐलान के बीच कोर्ट जाने की तैयारी में RJD?”

    Share Add as a preferred…