“पहले मतदान, फिर जलपान” का नारा गूंजा, महिलाओं और युवाओं में दिखा उत्साह
भागलपुर, 30 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान को लेकर बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना और अधिक से अधिक लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना था।
अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और बताया कि मतदान न केवल अधिकार है, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि “मतदान से ही एक सशक्त लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है, इसलिए सभी को अपने विवेक से, बिना किसी दबाव या लालच के मतदान करना चाहिए।”
कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह रैली और समूह चर्चाएं आयोजित कीं, जिनमें “पहले मतदान, फिर जलपान” और “लोकतंत्र की शान है, मतदान महान है” जैसे नारे गूंजते रहे।
इस मौके पर आशा कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और युवाओं से विशेष अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर बिहार के उज्जवल भविष्य के निर्माण में भागीदार बनें।
अभियान को स्थानीय लोगों से भरपूर समर्थन मिला। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की पहलें न केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मदद करती हैं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जन-जागरूकता भी बढ़ाती हैं।


