
बिहार के Arwal जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर में वर्षों से जाम और सड़क हादसों की समस्या को कम करने के लिए करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से दो नए बाईपास सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होने और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, जल संसाधन विभाग की ओर से मुख्य सोन नहर पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से मिनी बाईपास सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना का निर्माण आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है और इसे करीब डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह मिनी बाईपास बैदराबाद से कोरियम तक लगभग 10.9 किलोमीटर लंबी होगी। सड़क की चौड़ाई 12 फीट रखी गई है। खास बात यह है कि यह सड़क केवल आवागमन के लिए ही नहीं, बल्कि सोन नदी के सुरक्षा तटबंध के रूप में भी काम करेगी। विभाग के मुताबिक करीब 10 किलोमीटर जमीन पहले से उपलब्ध है, इसलिए भूमि अधिग्रहण की बड़ी समस्या नहीं होगी।
इस सड़क के बनने के बाद प्रसादी इंग्लिश बाजार, अरवल शहर और बैदराबाद इलाके में National Highway 139 पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इससे अरवल के साथ-साथ भोजपुर, औरंगाबाद और पटना जिले के करीब 33 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की संभावना है।
दरअसल, पटना-औरंगाबाद NH-139 पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। टू-लेन सड़क होने के कारण अक्सर लंबा जाम लगता है। वहीं कोरियम से बैदराबाद तक का इलाका दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है। बैदराबाद, उमेराबाद, महावीर चौक, एसडीएम आवास, अहियापुर, सकरी और 10 नंबर पुल जैसे इलाके हादसों के हॉटस्पॉट माने जाते हैं।
इसी समस्या को देखते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने NH-139 पर 14 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड बाईपास को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 650 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह ग्रीनफील्ड बाईपास प्रसादी इंग्लिश बाजार से शुरू होकर समाहरणालय के पूरब मोथा गांव से गुजरते हुए पिपरा बंगला गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा। फिलहाल भूमि अधिग्रहण और स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


