पटना, 11 अगस्त — बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि पूर्णिया जिले के डगरूआ में शिव शक्ति चावल उद्योग प्राइवेट लिमिटेड को 160 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाली परबॉयल्ड राइस उत्पादन इकाई स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना में 16 करोड़ 78 लाख 54 हजार रुपये का निजी पूंजी निवेश होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस नए निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा। परबॉयल्ड राइस उद्योग की स्थापना से आसपास के किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध होगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कृषि क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
निवेशकों को मिल रही सहूलियतें
श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नियमावली-2016 के तहत निवेशकों को वित्तीय सहायता और क्लियरेंस प्रदान कर रही है। इससे राज्य में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिल रहा है और बिहार निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार का हर क्षेत्र औद्योगिक रूप से मजबूत बने और राज्य विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करे।


