पटना (31 जुलाई 2025):राजद विधायक और पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद और उनकी पत्नी डॉ. आयुषी के साथ बुधवार को पटना एम्स (AIIMS) में मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। दोनों अपने समर्थकों के साथ पाटलिपुत्र शूटिंग एकेडमी के एक घायल छात्र को देखने अस्पताल पहुंचे थे। वहां डॉक्टर और सुरक्षा गार्ड्स के साथ कहासुनी के बाद झड़प हुई, जिसमें डॉ. आयुषी को चोटें भी आई हैं।
क्या हुआ एम्स में?
डॉ. आयुषी द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि एकेडमी का छात्र अंकित कुमार, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे 29 जुलाई को एम्स में भर्ती कराया गया था। उसका बायां पैर प्लास्टर किया गया था, लेकिन उसके बाद भी लगातार खून बह रहा था। डॉक्टरों द्वारा NMCH या PMCH रेफर करने की अनुशंसा के बावजूद, मरीज को वहीं रखा गया।
जब डॉ. आयुषी ने मरीज की स्थिति पर सवाल उठाया और उसके परिजनों को सूचना न देने की बात कही, तो डॉ. आदिल नाराज़ हो गए। इसी दौरान विधायक चेतन आनंद ने तस्वीर खींचनी चाही और स्वास्थ्य मंत्री से बात करने लगे, जिस पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
डॉ. आयुषी के अनुसार, डॉ. आदिल ने उनके साथ अभद्र भाषा में बात की और गार्ड इमरान को बुला लिया। आरोप है कि गार्ड्स ने मोबाइल छीनने की कोशिश की और धक्का-मुक्की के दौरान उनकी कलाई में चोट आई। इस बीच उनकी घड़ी और गले की चेन भी गायब हो गई।
गाड़ी पर हमला, पीछा किया गया
डॉ. आयुषी ने कहा कि जब वे और विधायक चेतन आनंद वहां से बाहर निकले, तो एम्स परिसर में उनकी गाड़ी पर हमला किया गया और कुछ दूर तक पीछा भी किया गया। “अगर हम नहीं भागते, तो मेरे पति पर हमला हो सकता था,” उन्होंने कहा। डॉ. आयुषी ने सवाल उठाया कि जब एक डॉक्टर और विधायक के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम लोगों के साथ क्या होता होगा?
पुलिस ने कहा—दोनों पक्षों से शिकायत, जांच जारी
नगर पुलिस अधीक्षक भानुप्रताप सिंह ने बताया कि एम्स परिसर में दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की दो शिकायतें दर्ज की गई हैं। एक शिकायत डॉ. आयुषी सिंह द्वारा फुलवारीशरीफ थाना में दी गई है, वहीं दूसरी शिकायत एम्स प्रशासन की ओर से दी गई है।
उन्होंने बताया कि “मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है, और जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”
AIIMS प्रशासन की चुप्पी
इस मामले में एम्स के डायरेक्टर डॉ. सौरभ वार्ष्णेय और सुरक्षा प्रभारी इमरान खान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।


