वरमाला के दौरान हर्ष फायरिंग में मासूम बच्ची की मौत, गांव में मातम

सुपौल (बिहार): बिहार के सुपौल जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान 14 वर्षीय बच्ची की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना प्रतापगंज थाना क्षेत्र के चिलौनी उत्तर पंचायत के तीन टोलिया गांव में शुक्रवार देर रात घटी।

जानकारी के मुताबिक, वरमाला कार्यक्रम के दौरान अचानक किसी ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मंच के पास खड़ी बबीता कुमारी को गोली लग गई। गोली लगते ही बबीता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर अफरातफरी मच गई और समारोह में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

परिजन बबीता को तुरंत सिमराही स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों के रोने-बिलखने की तस्वीरें देखकर गांव वालों की आंखें भी भर आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रतापगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन प्राथमिक जांच में हर्ष फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। शादी का घर, जो कुछ समय पहले तक खुशियों से गुलजार था, अब गहरे मातम में डूब चुका है। गांव में चूल्हे तक नहीं जल रहे हैं।

हर्ष फायरिंग पर उठे सवाल

स्थानीय ग्रामीणों ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरी नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग की प्रवृत्ति पर सख्त रोक लगनी चाहिए। यह गैरकानूनी कृत्य भारतीय दंड संहिता के तहत दंडनीय अपराध है, इसके बावजूद यह चलन आज भी जारी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अक्सर शादी समारोहों में फायरिंग की सूचना पहले से मिलती है, लेकिन प्रशासन न तो समय पर निगरानी करता है और न ही रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम उठाता है।

परिजनों की सरकार से न्याय की गुहार

बबीता कुमारी के परिजनों ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वे चाहते हैं कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कठोर सजा दी जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी अपील की गई है।

  • Related Posts

    बिहार में राजस्व कर्मियों की हड़ताल के बीच सरकार की नई व्यवस्था, जमीन से जुड़े काम नहीं होंगे प्रभावित

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *