
अररिया, बिहार। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah अपने तीन दिवसीय बिहार दौरे के दौरान सीमांचल क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। बुधवार को वे अररिया में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाने की बात कही।
गृह मंत्री ने कहा कि सीमा से 10 किलोमीटर के भीतर जितने भी अवैध अतिक्रमण हैं, उन्हें हटाया जाएगा। साथ ही अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ठोस कदम उठाएंगे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ एक बड़ी चुनौती है और अब समय आ गया है कि हर स्तर पर समन्वित प्रयास किए जाएं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, बिहार गृह विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ विस्तृत बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में जनसंख्या संरचना में असंतुलन किसी भी देश के लिए गंभीर विषय हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है, जो सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे देश में स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुझाव देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के प्रतिनिधि, सुरक्षा बलों के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।


