चुनावी सरगर्मी के बीच अश्विनी चौबे का ऐलान – मैदान में नहीं उतरेंगे वे और शाहनवाज

अर्जित चौबे के टिकट पर फैसला आलाकमान करेगा: पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे

भागलपुर, 3 सितंबर।पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने जिला परिसदन में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा को “ढकोसला” करार दिया और कहा कि यह उनकी अंतिम राजनीतिक यात्रा साबित होगी।

चुनाव लड़ने से किया इंकार

चौबे ने साफ कहा कि न तो वे खुद चुनाव लड़ेंगे और न ही भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भागलपुर सीट को लेकर लगाए जा रहे कयास निराधार हैं।
उन्होंने कहा— “मैं और शाहनवाज जीवनभर पार्टी और संगठन के लिए काम करते रहेंगे। भागलपुर से अर्जित चौबे को टिकट मिलेगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी का आलाकमान करेगा।”

कांग्रेस-राजद पर हमला

प्रेसवार्ता में चौबे ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को क्रमशः “बड़ा और छोटा पप्पू” कहते हुए दोनों दलों को भ्रष्टाचार का पर्याय बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस और राजद की असली सच्चाई को अच्छी तरह जानती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान विरोधी रही है और गांधी परिवार ने कभी भी डॉ. भीमराव अंबेडकर को राज्यसभा नहीं जाने दिया। आज वही परिवार संविधान की किताब हाथ में लेकर जनता को गुमराह कर रहा है।

लालू यादव को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया

चौबे ने लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान ही वे भ्रष्टाचार में पकड़े गए थे। “मैंने खुद भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष के समय लालू प्रसाद को अपने कमरे से बाहर निकाल दिया था। लालू यादव भ्रष्टाचार का प्रतीक हैं और आज भी वही राजनीति कर रहे हैं।”

जेपी सेनानियों को एकजुट करने की घोषणा

चौबे ने कहा कि वे पूरे बिहार में जेपी सेनानियों को एकजुट करेंगे और जहां-जहां राहुल गांधी की यात्रा जाएगी, वहां जनता को कांग्रेस और राजद के भ्रष्टाचार की याद दिलाई जाएगी। उन्होंने लालू यादव को “चारा चोर” बताते हुए कहा कि बिहार की राजनीति अब ऐसे नेताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को बताया अशोभनीय

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों को अशोभनीय करार दिया और कहा कि विपक्ष मुद्दों से भटककर केवल अनर्गल प्रलाप कर रहा है।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

  • Related Posts