LPG संकट के बीच मुंगेर में धीमी पड़ी PNG योजना, हजारों घरों तक अब भी नहीं पहुंची गैस

बिहार के मुंगेर में इन दिनों एलपीजी गैस की भारी किल्लत के बीच केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) योजना लोगों के लिए राहत की उम्मीद बनी हुई है। हालांकि, शहर और जमालपुर में पाइपलाइन बिछने के बावजूद बड़ी संख्या में परिवार अब तक गैस आपूर्ति से नहीं जुड़ सके हैं।

पाइपलाइन पहुंची, लेकिन चूल्हा नहीं जला

Indian Oil Corporation Limited (IOCL) के अनुसार अब तक लगभग 230 किलोमीटर मेन पाइपलाइन और 55 किलोमीटर सर्विस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। मुंगेर नगर निगम के 45 में से 26 वार्डों में काम पूरा हो चुका है, जबकि जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक 5570 घरों को पीएनजी कनेक्शन दिया गया है, लेकिन इनमें से सिर्फ 3569 घरों में ही गैस सप्लाई शुरू हो पाई है। यानी हजारों परिवार अभी भी इंतजार में हैं।

आर्थिक तंगी बनी सबसे बड़ी बाधा

आईओसीएल के जियोग्राफिकल एरिया इंचार्ज विकास कुमार तोला ने बताया कि कई उपभोक्ता कनेक्शन लेने के बाद भी अंतिम सहमति नहीं दे रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह आर्थिक परेशानी बताई जा रही है।

कई परिवारों का कहना है कि वे फिलहाल एकमुश्त राशि जमा करने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए पाइपलाइन घर तक पहुंचने के बावजूद कनेक्शन सक्रिय नहीं हो पा रहा है।

आवेदन के बाद भी लंबा इंतजार

दूसरी ओर कुछ उपभोक्ताओं की शिकायत है कि आवेदन देने के महीनों बाद भी गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई। स्थानीय निवासी भरत कुमार का कहना है कि मोहल्ले में पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन एजेंसी की ओर से कनेक्शन चालू करने में देरी हो रही है।

प्रशासन ने दिए निर्देश

जिला प्रशासन ने कंपनी अधिकारियों को अधिक से अधिक घरों तक पीएनजी पहुंचाने का निर्देश दिया है। कंपनी का दावा है कि पूरे जिले में फेज वाइज तरीके से नेटवर्क विस्तार किया जा रहा है और 59 टीमें लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर काम कर रही हैं।

जिनके घर पहुंची PNG, उन्हें मिली राहत

जिन घरों में पीएनजी सेवा शुरू हो चुकी है, वहां लोगों को काफी राहत मिली है। उपभोक्ता साधना देवी के मुताबिक अब सिलेंडर भरवाने और ढोने की परेशानी खत्म हो गई है। उनका कहना है कि पीएनजी एलपीजी से सस्ती भी पड़ रही है।

एलपीजी संकट के बीच अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर मुंगेर के हर घर तक पीएनजी सुविधा पूरी तरह पहुंचने में और कितना समय लगेगा।

  • ये भी पढ़े..

    ग्रामीण सड़कों और संपर्क मार्गों को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने चौड़ीकरण और नई परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

    Share Add as a preferred…

    बिहार में सड़क और पुल परियोजनाओं पर मुख्यमंत्री की सख्ती, गुणवत्ता से समझौता नहीं; भागलपुर फोरलेन गंगा पथ को मिली नई रफ्तार

    Share Add as a preferred…