भागलपुर एयरपोर्ट विस्तार पर बढ़ी उम्मीद, एएआई ने बिहार सरकार को सौंपी व्यवहार्यता रिपोर्ट

भागलपुर, 23 जुलाई: भागलपुर हवाई अड्डे के विस्तार और यहां से ATR-72 विमानों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। लोकसभा में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के जवाब में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने अप्रैल 2026 में व्यवहार्यता (फीजिबिलिटी) सर्वेक्षण पूरा कर उसकी रिपोर्ट बिहार सरकार को सौंप दी है।

‘उड़ान’ योजना के नए चरण में मिलेगा अवसर

केंद्रीय मंत्री ने अपने जवाब में बताया कि केंद्र सरकार ने ‘उड़ान’ (UDAN) योजना का नया चरण शुरू किया है। इसके तहत राज्य सरकारों से हवाई अड्डों के विकास के प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे। भूमि की उपलब्धता, आवश्यक आधारभूत संरचना और तकनीकी मानकों के आधार पर केंद्र सरकार अंतिम निर्णय लेगी।

बिहार सरकार की पहल पर निर्भर अगला चरण

मंत्री के जवाब से संकेत मिलता है कि भागलपुर हवाई अड्डे के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। अब बिहार सरकार द्वारा आवश्यक भूमि, आधारभूत सुविधाओं और अन्य औपचारिकताओं को पूरा किए जाने के बाद भागलपुर को उड़ान योजना में शामिल किए जाने की संभावना मजबूत हो सकती है।

सांसद ने जताई जल्द हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद

सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि यह भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों के लिए सकारात्मक खबर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी होंगी, जिससे भविष्य में भागलपुर से दिल्ली, कोलकाता, पटना समेत अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भागलपुर शहर के हवाई अड्डे के साथ-साथ प्रस्तावित सुल्तानगंज ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा भी क्षेत्र की जनता को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

(यह समाचार भागलपुर सांसद कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति तथा लोकसभा में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के लिखित उत्तर पर आधारित है।)

  • ये भी पढ़े..

    CJP छात्र आंदोलन को अन्ना हजारे का समर्थन, मौन धरने में पहुंचे; तबीयत बिगड़ने पर भावुक होकर लौटे

    Share Add as a preferred…

    पेपर लीक विवाद: सरकार ने छात्रों को दिया खुला न्योता, जितेंद्र सिंह बोले- ‘जहां चाहें, वहीं होगी बातचीत’

    Share Add as a preferred…